सर्दियों में बेघरों और गरीबों की मदद करने के लिए हर साल सामाजिक कार्यकर्ता और आम लोग बड़े स्तर पर गर्म कपड़े दान करते हैं। हालांकि, शरीर ढंकने के लिए उनकी एक और अहम जरूरत यानी मोजे देने की तरफ बेहद कम लोगों का ध्यान जाता है। अमेरिका में बेघरों की इसी समस्या को देखते हुए डेविड हीथ और रैंडी गोल्डेनबर्ग ने एक कंपनी बोम्बास सॉक्स शुरू की।
उनके स्टार्टअप का मुख्य मकसद
बेघरों को मोजे मुहैया कराना था। पिछले पांच साल में बोम्बास करीब 1 करोड़ मोजे दान कर चुके हैं। खास बात यह है कि कंपनी जितने मोजे बेचती है, उतने ही जोड़ी मोजे जरूरतमंद बेघरों को दान कर दिए जाते हैं।
एक घटना ने दिया कंपनी बनाने का आइडिया
बोम्बास के सहसंस्थापक डेविड हीथ के मुताबिक, उन्हें कंपनी बनाने का ख्याल एक घटना के बाद आया। डेविड बताते हैं- एक बार मेरा सामना ऐसे बेघर व्यक्ति से हुआ जो बोर्ड को शरीर पर लटकाकर दान में कुछ भी देने की मांग कर रहा था। मैंने उसके पास जाकर कहा कि मेरे पास पैसे नहीं हैं, लेकिन मोजों का एक जोड़ा है। मेरे हाथ में मोजे देखकर उस बेघर आदमी ने कहा कि यही तो सबसे जरूरी चीज है।
दोस्त के साथ बनाई कंपनी
डेविड उस वाकये को याद करते हैं कि कैसे उस बेघर आदमी ने उनसे मोजे लेने के बाद अपने पैरों पर चढ़ा प्लास्टिक का बैग उतारा और उसकी जगह गरम आरामदेह मोजे पहने। डेविड के मुताबिक, इस घटना ने उन पर गहरा असर डाला।
इसके बाद ही उन्होंने अपने दोस्त रैंडी के साथ 2013 में एक ऐसी कंपनी बनाने का फैसला किया, जो हर एक जोड़ी मोजे बेचने के बदले एक जोड़ी मोजे गरीब व्यक्ति को दान करेगी। उन्होंने इसे बाय वन-गिव वन मॉडल नाम दिया।
एक जोड़ी मोजे 12 डॉलर के
कंपनी के दूसरे सहसंस्थापक गोल्डबर्ग के मुताबिक, उन्हें यह आइडिया काफी पसंद आया कि कोई अपना बिजनेस शुरू कर कैसे दूसरों की मदद कर सकता है। बोम्बास के एक जोड़ी मोजे की कीमत 12 डॉलर (866 रुपए) रखी गई है। मोजों को बनाने में हाई-क्वालिटी के कॉटन और वूल इस्तेमाल किए जाते हैं। कस्टमर अगर इन्हें कुछ समय पहनने के बाद भी संतुष्ट नहीं हैं, तो कंपनी इन्हें तुरंत बदलने या पैसे वापस करने का विकल्प देती है।
No comments:
Post a Comment